Sunday, March 8, 2026
Home सूरजपुर सूरजपुर: मिड-डे मील के चावल को कार में ले जाने का आरोप,...

सूरजपुर: मिड-डे मील के चावल को कार में ले जाने का आरोप, ग्रामीणों ने घेरकर रोका वाहन, जांच की मांग

6

The Duniyadari: सूरजपुर जिले के ओड़गी विकासखंड के ग्राम रामपुर स्थित एक माध्यमिक स्कूल में मध्याह्न भोजन के चावल को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने स्कूल के प्रधानपाठक पर मिड-डे मील के लिए आए चावल को कार में भरकर ले जाने का आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) और पुलिस से शिकायत कर जांच की मांग की है।

बताया जा रहा है कि 3 मार्च की शाम करीब 6:15 बजे स्कूल परिसर से मिड-डे मील के करीब दो बोरी चावल एक कार में रखकर ले जाए जा रहे थे। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिल गई और उन्होंने संदेह जताया कि चावल को स्कूल से बाहर ले जाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही सरपंच प्रतिनिधि समेत गांव के कई लोग मौके पर पहुंचे और वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर आगे बढ़ गया। इसके बाद ग्रामीणों ने कार का पीछा किया और गांव के अंदर ही उसे रोक लिया।

घटना के बाद गांव में कुछ समय तक हंगामे जैसी स्थिति बनी रही। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल के चावल को बाहर ले जाने की कोशिश की गई, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

इधर प्रशासन का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।