Sunday, March 15, 2026
Home Breaking स्कूलों का समय बदला, 16 मार्च से सुबह 7:30 से 11:30 बजे...

स्कूलों का समय बदला, 16 मार्च से सुबह 7:30 से 11:30 बजे तक लगेंगी कक्षाएं

12

The Duniyadari: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में वार्षिक परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के संचालन समय में बदलाव किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने इस संबंध में परिपत्र जारी कर सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों के लिए नया समय निर्धारित किया है।

जारी निर्देश के अनुसार 16 मार्च से जिले के सभी प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक संचालित किए जाएंगे। यह आदेश जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, शासकीय हाई व हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों तथा प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के प्रधान पाठकों को भेज दिया गया है।

परिपत्र में उल्लेख किया गया है कि 16 मार्च से प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों की वार्षिक परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। इसलिए केंद्रीकृत समय-सारिणी के अनुसार परीक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करने के लिए यह नया समय लागू किया गया है।

निर्देश के मुताबिक प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में परीक्षाएं निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार ही आयोजित होंगी। साथ ही यह आदेश जिले के सभी निजी (अशासकीय) विद्यालयों पर भी लागू रहेगा।

हालांकि बोर्ड परीक्षाएं और उनसे जुड़े मूल्यांकन कार्य इस आदेश से प्रभावित नहीं होंगे। इसके अलावा पूर्व में जारी अन्य सभी निर्देश यथावत लागू रहेंगे।