The Duniyadari: सुकमा जिले के कोंटा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में प्रशासनिक लापरवाही का मामला सामने आने पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्टर अमित कुमार ने विद्यालय की अधीक्षिका माहेश्वरी निषाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
दरअसल, 17 मार्च को कक्षा 10वीं की एक छात्रा की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। इसके लिए तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की गई थी। टीम ने 20 मार्च को अपनी रिपोर्ट सौंपी, जिसमें अधीक्षिका द्वारा कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही की पुष्टि हुई।
जांच रिपोर्ट में विद्यालय की व्यवस्थाओं, खासकर छात्राओं की सुरक्षा और देखरेख में कई खामियां सामने आईं। इन निष्कर्षों के आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए अधीक्षिका को निलंबित कर दिया गया।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, कोंटा तय किया गया है। वहीं, विद्यालय का जिम्मा फिलहाल सहायक अधीक्षिका को सौंप दिया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि छात्राओं की सुरक्षा और अनुशासन से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।















