Monday, March 16, 2026
Home Breaking स्टेशन पर चोरी का खुलासा: RPF ने कुछ घंटों में आरोपी दबोचा,...

स्टेशन पर चोरी का खुलासा: RPF ने कुछ घंटों में आरोपी दबोचा, मोबाइल-टैबलेट बरामद

12

The Duniyadari: राजनांदगांव रेलवे स्टेशन के वेटिंग रूम में हुई चोरी के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी के पास से चोरी किए गए मोबाइल, टैबलेट और बैग भी बरामद कर लिए गए हैं।

जानकारी के अनुसार 15 मार्च की सुबह प्लेटफार्म नंबर-1 पर बने नए वेटिंग रूम में चार महिला यात्री आराम कर रही थीं। रात करीब 12:30 बजे उन्होंने दो टैबलेट और एक रियलमी C25Y मोबाइल चार्जिंग पर लगाया और पास में गुलाबी रंग का हैंडबैग रखकर सो गईं। सुबह लगभग 6 बजे जब वे जागीं तो उनका सामान गायब था।

घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक तरुणा साहू के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की। उप निरीक्षक डी.एल. दावना और आरक्षक संजय चौहान ने स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में सुबह करीब 4:21 बजे एक युवक वेटिंग हॉल के आसपास संदिग्ध रूप से घूमता दिखाई दिया।

इसके बाद आरपीएफ ने स्टेशन परिसर में घेराबंदी कर प्लेटफार्म नंबर-2 की सीढ़ियों के नीचे से संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान आकाश विजयकर (26) निवासी बडनेरा, महाराष्ट्र के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल बरामद हुआ, जिसकी पहचान पीड़िता सरिता नरेंद्र डहात ने लॉक पैटर्न खोलकर की। आरोपी की निशानदेही पर प्लेटफार्म नंबर-2 के पिलर के पास छिपाकर रखे गए दोनों टैबलेट और हैंडबैग भी बरामद कर लिए गए।

आरपीएफ ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।