The Duniyadari: Raipur- शहर में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर मिल रही शिकायतों पर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए जोन क्रमांक-5 क्षेत्र में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान कई दुकानों और ठेला संचालकों द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाए जाने की पुष्टि होने पर जुर्माना लगाया गया।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही और जोन-5 कमिश्नर खीरसागर नायक के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जीई रोड स्थित स्वामी विवेकानंद आश्रम चौक के आसपास मुख्य बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में स्वच्छता संबंधी लापरवाही सामने आई।
कार्रवाई के तहत इंडियन बिरयानी और फिरोज बिरयानी के संचालकों पर 500-500 रुपये का ई-चालान जारी किया गया। साथ ही भविष्य में स्वच्छता मानकों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।
इसी क्रम में लाखेनगर चौक स्थित चिराग प्लास्टिक दुकान के बाहर गंदगी पाए जाने पर संचालक के खिलाफ 5 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया गया। वहीं विभिन्न स्थानों पर संचालित सात ठेला व्यवसायियों से भी कुल 2,800 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
नगर निगम की इस विशेष कार्रवाई में कुल 10 व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं संचालकों पर 8,800 रुपये का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान जोन स्वास्थ्य अधिकारी संदीप वर्मा, स्वच्छता निरीक्षक दिलीप साहू, प्रेम मानिकपुरी और दिलीप भारती सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।















