Sunday, March 29, 2026
Home Breaking हथबंद शराब दुकान में ओवररेटिंग का विरोध करने पर ग्राहक से मारपीट,...

हथबंद शराब दुकान में ओवररेटिंग का विरोध करने पर ग्राहक से मारपीट, वीडियो वायरल

8

The Duniyadari: बलौदाबाजार। जिले के हथबंद थाना क्षेत्र में संचालित शासकीय शराब दुकान एक बार फिर विवादों में आ गई है। यहां ओवररेटिंग का विरोध करने पर ग्राहक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना हथबंद स्थित कंपोजिट शराब दुकान की बताई जा रही है, जहां निर्धारित मूल्य से अधिक रकम वसूले जाने पर विवाद बढ़ गया।

जानकारी के मुताबिक, एक स्थानीय युवक शराब खरीदने दुकान पहुंचा था। बताया जा रहा है कि अंग्रेजी शराब (गोवा ब्रांड) की प्रति पाव कीमत 120 रुपए निर्धारित है, लेकिन दुकान के कर्मचारियों द्वारा 10 रुपए अतिरिक्त लेकर 130 रुपए वसूले जा रहे थे। जब ग्राहक ने अधिक पैसे देने से इनकार किया और इस पूरी घटना का वीडियो बनाना शुरू किया, तो वहां मौजूद कर्मचारियों ने आक्रामक रुख अपनाते हुए कथित तौर पर डंडे से उसकी पिटाई कर दी।

मारपीट के दौरान ग्राहक के सिर पर चोट लगने से खून बहने लगा। हालांकि पीड़ित ने इस संबंध में थाने में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।

इधर आबकारी विभाग के अधिकारियों ने साफ किया है कि शराब की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि निर्धारित दर से अधिक राशि आखिर किस आधार पर वसूली जा रही है। घटना के बाद विभागीय कार्रवाई की मांग भी तेज हो गई है और कर्मचारियों पर अवैध वसूली के आरोप लग रहे हैं।