The Duniyadari: बिलासपुर। नेशनल हाईवे-130 पर ‘हाइवे किंग’ ढाबा के समीप हुई लूट की वारदात का रतनपुर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने अलग-अलग जिलों में दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए लूटी गई कार, मोबाइल फोन और नकद राशि पूरी तरह बरामद कर ली है। जांच में सामने आया कि यह लूट तंत्र-मंत्र के नाम पर हुए आर्थिक विवाद का नतीजा थी।
पुलिस के मुताबिक 1 फरवरी 2026 की देर रात कोरबा निवासी विजय कुमार राज अपनी महिला परिजनों के साथ मेला देखकर लौट रहे थे। रतनपुर क्षेत्र में ढाबे के पास वाहन रोकने के दौरान दो कारों में सवार युवकों ने रास्ता घेर लिया। आरोपियों ने मारपीट कर स्विफ्ट डिजायर कार, तीन मोबाइल फोन और नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए।
तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और अंबिकापुर व कोरिया जिले में दबिश देकर चारों को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में विद्यादास महंत (सीतापुर, सरगुजा), रामसुंदर (चरचा, कोरिया), राजीव कुमार सिंह (बैकुंठपुर, कोरिया) और गुलशन कुजुर (चरचा, कोरिया) शामिल हैं।
तंत्र विद्या के नाम पर ठगी से जुड़ा विवाद
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि विजय कुमार राज ने कथित तंत्र-पूजा के जरिए रकम दोगुनी करने का झांसा देकर उनसे लगभग ढाई लाख रुपये लिए थे। जब रकम वापस मांगी गई तो इनकार कर दिया गया। इसी रंजिश में आरोपियों ने लूट की योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार, मोबाइल फोन, नकदी के साथ-साथ वारदात में प्रयुक्त क्रेटा और अर्टिगा वाहन भी जब्त कर लिए हैं।
पुलिस की सख्त चेतावनी
एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि तंत्र-मंत्र, झाड़-फूंक या पैसे बढ़ाने जैसे झूठे दावों के जरिए ठगी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि इस तरह की गतिविधियों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध मामले की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
यह कार्रवाई जिले में कानून व्यवस्था और हाईवे सुरक्षा को लेकर पुलिस की सख्ती का स्पष्ट संकेत मानी जा रही है।
































