The Duniyadari: रायगढ़- जिले के छाल रेंज में सोमवार शाम हाथियों का एक बड़ा दल अचानक सड़क पर पहुंच गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया। औरानारा रोड स्थित बोजिया परिसर में उस वक्त लोगों की आवाजाही जारी थी, तभी करीब 15 से 17 हाथियों का दल सड़क किनारे आकर खड़ा हो गया। स्थिति को देखते हुए हाथी मित्र दल को तत्काल सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे हाथी मित्र दल ने एहतियात के तौर पर सड़क के दोनों ओर वाहनों को रोक दिया। कुछ देर रुकने के बाद हाथी एक-एक कर सड़क पार करते हुए जंगल की ओर बढ़ गए। अनुमान लगाया जा रहा है कि यह दल सिंघीझाप क्षेत्र की ओर गया है। प्रशासन ने बोजिया-सिंघीझाप और औरानारा-सिंघीझाप मार्ग से गुजरने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
इधर, रविवार देर रात हाथियों का यही दल छाल रेंज के भलमुड़ी गांव के पास भी पहुंचा था। यहां हाथियों ने दो किसानों के खेतों में घुसकर फसल को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद हाटी गांव में भी चार किसानों की धान की फसल रौंद दी गई।
ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने रात में हाथियों को खदेड़ने की कोशिश की, लेकिन हाथी काफी देर तक खेतों में डटे रहे। सुबह होने से पहले वे जंगल की ओर लौट गए। हाथियों की लगातार मौजूदगी से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।















