Wednesday, March 11, 2026
Home रायपुर हिरासत में मौत के मामले में SDM करुण डहरिया निलंबित, शासन की...

हिरासत में मौत के मामले में SDM करुण डहरिया निलंबित, शासन की सख्त कार्रवाई

20

The Duniyadari: रायपुर, 18 फरवरी। छत्तीसगढ़ सरकार ने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर और एसडीएम करुण डहरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कदम हिरासत के दौरान कथित मारपीट के बाद एक ग्रामीण की मौत के गंभीर मामले में उठाया गया है।

शासन को भेजी गई रिपोर्ट के मुताबिक थाना कोरंधा क्षेत्र के ग्राम हंसपुर में बॉक्साइट के अवैध परिवहन की सूचना पर कार्रवाई की गई थी। इसी दौरान तीन ग्रामीणों के साथ मारपीट की घटना सामने आई, जिसमें 62 वर्षीय राम उर्फ रामनेश की गंभीर चोटों के चलते मौत हो गई। इस संबंध में जिला प्रशासन की रिपोर्ट शासन तक पहुंचने के बाद कार्रवाई तेज की गई।

घटना को लेकर थाना कोरंधा में अपराध क्रमांक 03/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम किया गया है। 16 फरवरी 2026 को करुण डहरिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जिला जेल रामानुजगंज भेज दिया गया।

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के प्रावधानों के तहत निलंबन की पुष्टि की गई है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय आयुक्त, सरगुजा संभाग अंबिकापुर निर्धारित किया गया है और नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

इस फैसले के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। मामले को मानवाधिकार और प्रशासनिक जवाबदेही से जुड़ा संवेदनशील प्रकरण माना जा रहा है, और सरकार की कार्रवाई को कड़ा संदेश समझा जा रहा है कि हिरासत में हिंसा पर सख्ती बरती जाएगी।