The Duniyadari: रायपुर/दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा में पदस्थ डीएसपी कल्पना वर्मा को पद के दुरुपयोग और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन के मामले में निलंबित कर दिया गया है। जांच में एक होटल कारोबारी दीपक टंडन के साथ उनके करीबी संबंधों और बड़े पैमाने पर लेन-देन का खुलासा हुआ है। निलंबन अवधि में उन्हें पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर में अटैच किया गया है।
जांच रिपोर्ट के अनुसार दीपक टंडन ने कल्पना वर्मा के खाते में 31 लाख रुपए जमा किए थे। इसके अलावा उनके पिता के नाम पर 42 लाख रुपए के तीन चेक भी दिए गए। जांच में यह भी सामने आया कि नकद राशि, महंगे जेवर और एक लग्जरी कार भी उन्हें दी गई थी, लेकिन इन लेन-देन का संतोषजनक हिसाब कल्पना वर्मा प्रस्तुत नहीं कर सकीं।
जांच में यह साबित हुआ कि कल्पना वर्मा ने अपने पद और कर्तव्य के दौरान आय से अधिक संपत्ति अर्जित की। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि डीएसपी और होटल कारोबारी के बीच घनिष्ठ संबंध थे और दोनों अक्सर साथ समय बिताते थे। इसी दौरान दीपक टंडन ने उन्हें 12 लाख रुपए की डायमंड रिंग और करीब 5 लाख रुपए के सोने के जेवर भी दिए थे।
अपने बयान में कल्पना वर्मा ने दीपक टंडन के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि टंडन अपना मकान बेचना चाहता था, जो 75 लाख रुपए में तय हुआ था। उनके पिता ने इसके लिए नकद रकम दी थी। बाद में जब मकान का सौदा नहीं हो पाया तो पैसे वापस मांगे गए। इसके बाद कुछ राशि खाते में और बाकी चेक के जरिए लौटाई गई। हालांकि जांच के दौरान वह इस लेन-देन से जुड़े ठोस दस्तावेज पेश नहीं कर सकीं।
जांच अधिकारियों को दीपक टंडन ने दोनों के बीच हुई निजी और गोपनीय बातचीत की व्हाट्सएप चैट भी सौंपी है। इसमें कथित तौर पर शादी से जुड़ी बातचीत का भी जिक्र है। कल्पना वर्मा इस पर स्पष्ट जवाब नहीं दे सकीं और इसे अपने पर्सनल मैटर बताया। जांच में व्हाट्सएप चैट और उनके बयानों के बीच विरोधाभास भी पाया गया।
इसके अलावा जांच में पता चला कि संबंधित लग्जरी कार दीपक टंडन की पत्नी के नाम पर पंजीकृत है। वित्तीय लेन-देन में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद विभाग ने निलंबन की कार्रवाई की है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
































