The Duniyadari: बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र से एक गंभीर आपराधिक घटना सामने आई है, जहां होली की रात एक युवती को जबरन वाहन में बैठाकर सुनसान इलाके में ले जाया गया और उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया गया। जानकारी के मुताबिक, घटना 3 मार्च की रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच की है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह बन्नाक चौक के पास खड़ी थी, तभी ‘मझला’ नाम से पहचाने जाने वाला युवक वहां आया और उसे घर छोड़ने का झांसा देकर जबरदस्ती अपने वाहन में बैठा लिया। इसके बाद आरोपी उसे गोखले नाला के आगे जंगल की ओर ले गया, जहां उसने जबरन गलत हरकत करने की कोशिश की। हालांकि, युवती के विरोध और शोर मचाने पर आरोपी अपनी मंशा में सफल नहीं हो पाया।
पीड़िता के विरोध से नाराज आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और सिर पर शराब की बोतल से वार कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी उसका मोबाइल, नकदी और पर्स लेकर फरार हो गया। जाते समय उसने जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद तबीयत खराब होने के कारण पीड़िता तुरंत शिकायत नहीं कर सकी। करीब 19 दिन बाद, 22 मार्च को उसने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।















