Friday, March 20, 2026
Home छत्तीसगढ़ होली से पहले किसानों को बड़ी सौगात: 28 फरवरी को खातों में...

होली से पहले किसानों को बड़ी सौगात: 28 फरवरी को खातों में आएंगे 10,292 करोड़ रुपए

36

The Duniyadari: रायपुर। धान की बोनस राशि का इंतजार कर रहे छत्तीसगढ़ के लाखों किसानों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार 28 फरवरी को प्रदेश के 25 लाख 24 हजार से अधिक किसानों के बैंक खातों में 10,292 करोड़ रुपए की बड़ी राशि सीधे ट्रांसफर करने जा रही है। होली से पहले होने वाले इस भुगतान से ग्रामीण अर्थव्यवस्था में भी रौनक बढ़ने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसकी घोषणा हाल ही में रायपुर में आयोजित सिटी गैस अवसंरचना उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा कहा जाता है और प्रदेश की लगभग 80 प्रतिशत आबादी कृषि पर निर्भर है। सरकार किसानों को देश में सबसे बेहतर कीमत देने का प्रयास कर रही है और प्रति एकड़ 31 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष 25 लाख से अधिक किसानों ने अपना धान बेचा है। त्योहारों के मद्देनज़र सरकार ने तय किया है कि 28 फरवरी को सभी पात्र किसानों के खातों में राशि सीधे जमा की जाएगी, ताकि होली से पहले उन्हें आर्थिक सहारा मिल सके।

जानकारी के अनुसार बिलासपुर जिले के बिल्हा में इस अवसर पर एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित होगा, जहां मुख्यमंत्री स्वयं मौजूद रहेंगे और किसानों से संवाद करेंगे। उनका संबोधन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम स्थलों तक प्रसारित किया जाएगा।

पहले ही संकेत दे दिए गए थे कि होली से पूर्व किसानों को धान की राशि दी जाएगी। अब तारीख स्पष्ट होने के साथ ही किसानों में उत्साह का माहौल है। सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से किसानों को समय पर राहत मिलेगी और त्योहार का आनंद दोगुना होगा।