Tuesday, March 24, 2026
Home कोरबा होली से पहले कोरबा पुलिस का सख्त एक्शन: 117.7 लीटर कच्ची महुआ...

होली से पहले कोरबा पुलिस का सख्त एक्शन: 117.7 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त, 10 पर केस दर्ज

37

The Duniyadari: कोरबा। होली के अवसर पर जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोरबा पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है। त्योहार के दौरान शांति भंग करने की आशंका को देखते हुए पुलिस टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश और जांच अभियान चलाया।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और कटघोरा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री और परिवहन पर सख्ती बरतने के आदेश दिए गए थे।

“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” पहल के तहत चलाए गए अभियान में 10 लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किए गए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 117.7 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि होली के दौरान अवैध शराब बेचकर उपद्रव करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिले में लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी की जा रही है ताकि त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

पुलिस की अपील

कोरबा पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी थाना, चौकी या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

अभियान के तहत अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात पुलिस ने कही है।