The Duniyadari: कोरबा। शहर के व्यस्त अग्रसेन चौक ओवरब्रिज पर सोमवार दोपहर एक स्कॉर्पियो वाहन में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। कुछ ही मिनटों में गाड़ी आग की लपटों से घिर गई और देखते ही देखते पूरा वाहन जलने लगा। घटना के दौरान पुल से गुजर रहे लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 3 बजे ओवरब्रिज से गुजर रही स्कॉर्पियो से अचानक धुआं उठने लगा। चालक कुछ समझ पाता उससे पहले ही आग तेजी से फैल गई और वाहन आग के गोले में बदल गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर से ही दिखाई दे रही थीं। घटना के कारण कुछ समय के लिए ओवरब्रिज पर यातायात भी प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी मोतीलाल पटेल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया गया। इसके साथ ही दमकल विभाग को भी सूचना दी गई, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंची।
गनीमत रही कि वाहन में सवार लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। व्यस्त ओवरब्रिज पर हुई इस घटना से कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
































