Wednesday, April 8, 2026
Home Breaking 19 अप्रैल को परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा, बस्तर में 21 केंद्रों पर...

19 अप्रैल को परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा, बस्तर में 21 केंद्रों पर 5,720 अभ्यर्थी होंगे शामिल

7

The Duniyadari: जगदलपुर- छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा परिवहन विभाग में परिवहन आरक्षक के रिक्त पदों के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन रविवार 19 अप्रैल 2026 को किया जाएगा।

बस्तर जिले में इस परीक्षा के लिए कुल 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह 1:15 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें 5,720 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है।

जगदलपुर शहर के विभिन्न केंद्रों में शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज धरमपुरा, झाड़ा सिरहा शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, शासकीय दंतेश्वरी पीजी महिला महाविद्यालय, शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-1, शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सेजेस शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-2, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल धरमपुरा तथा स्वामी विवेकानंद एक्सीलेंट स्कूल संजय मार्केट सहित अन्य संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी कई केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। परीक्षा प्रारंभ होने से 30 मिनट पहले, यानी सुबह 10:30 बजे केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा, इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सभी अभ्यर्थियों की प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी। परीक्षार्थियों को अपने साथ ऑनलाइन डाउनलोड किया गया स्पष्ट प्रवेश पत्र तथा मूल पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या पैन कार्ड लाना अनिवार्य किया गया है। पहचान पत्र नहीं होने पर परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं मिलेगी। प्रवेश पत्र पर फोटो स्पष्ट नहीं होने की स्थिति में दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो साथ रखना आवश्यक होगा।

ड्रेस कोड को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े या टी-शर्ट तथा पैरों में चप्पल पहनकर आने की सलाह दी गई है। जूते-मोजे, बेल्ट, घड़ी, चश्मा, स्कार्फ और किसी भी प्रकार के आभूषण पहनना प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा हॉल में केवल नीले या काले रंग के बॉल प्वाइंट पेन की ही अनुमति दी जाएगी।

जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से समय का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।