The Duniyadari: डोंगरगांव– छत्तीसगढ़ में बोर्ड परीक्षाओं के नतीजे जारी होने के बाद 5वीं और 8वीं के छात्र-अभिभावक अप्रैल अंत से रिजल्ट का इंतजार कर रहे थे। लेकिन अब मार्कशीट में बड़ी गलतियां सामने आने से परिणाम में और देरी होगी।
डोंगरगांव ब्लॉक में बांटी गई 5वीं-8वीं की अंकसूचियों में प्रिंटिंग के दौरान गंभीर त्रुटियां मिली हैं। विषयवार प्राप्तांक, ग्रेडिंग, जन्मतिथि और स्कूल के नाम तक गलत छप गए हैं। डोंगरगांव का नाम भी कई मार्कशीट में गलत लिखा मिला है।
गलतियां सामने आने के बाद सभी स्कूलों से मार्कशीट वापस जिला मुख्यालय भेजी जा रही हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि डेटा समय पर और सही भेजा गया था। गड़बड़ी प्रिंटिंग के स्तर पर हुई है।
डोंगरगांव बीईओ जयंत साहू ने बताया कि अंकसूची में त्रुटि की पुष्टि हुई है। सुधार के लिए सभी मार्कशीट वापस मंगाई गई हैं। सुधार के बाद ही बच्चों को नई अंकसूची दी जाएगी।
प्राथमिक और मिडिल स्कूल के छात्र बोर्ड रिजल्ट के बाद से ही अपने नतीजों का इंतजार कर रहे थे। अब प्रिंटिंग की गलती के चलते उन्हें और इंतजार करना पड़ेगा। विभाग का कहना है कि जल्द से जल्द संशोधित मार्कशीट तैयार कर स्कूलों को भेजी जाएंगी।















