63,800 रुपए प्रति 10 ग्राम, साल के उच्चतम शिखर पर सोना,चमक रही चांदी

0
100

बिलासपुर। शांत है सोना और चांदी लेकिन संकेत, बढ़त के मिलने लगे हैं। ऐसे में निवेशकों का रुझान, दोनों में बनता नजर आ रहा है। इधर शादी-ब्याह की तारीखों को लेकर सराफा बाजार ने जरूरी तैयारी चालू कर दी है लेकिन बेहतरी की संभावना कम ही है।

 

दीपावली और चुनाव के दिन जा चुके हैं। अब बारी है मुहूर्त की तारीखों के। वैवाहिक शुभ मुहूर्त कम ही बताए जा रहे हैं। इसे देखते हुए सराफा बाजार, अंर्तराष्ट्रीय बाजार और कच्चे तेल की कीमत पर कड़ी नजर रखे हुए हैं क्योंकि यह दोनों इस बाजार पर विशेष प्रभाव डालते हैं। कच्चे तेल की कीमत लगातार बढ़ रही है। इसलिए दोनों कीमती धातुएं भी आसमान छूने के लिए बेताब हैं।

 

साल के उच्चतम शिखर पर

 

24 कैरेट सोना 63 हजार 800 रुपए प्रति 10 ग्राम। सोना की यह कीमत, चल रहे बरस की उच्चतम कीमत मानी जा रही है। संकेत से सराफा बाजार मानकर चल रहा है कि कमजोर खरीदी के बावजूद मजबूती बनी रहेगी क्योंकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की स्थिति मजबूत बनी हुई है। स्थानीय स्तर पर मांग के दिन, मुहूर्त की तारीखों के आसपास ही आएंगे लेकिन जोरदार खरीदी की संभावना फिलहाल नजर नहीं आ रही है।

 

रुझान चांदी में

 

 

750 रुपए प्रति 10 ग्राम कच्ची चांदी। 760 रुपए प्रति 10 ग्राम पक्की चांदी। दोनों में यह भाव अभी भी क्रय शक्ति के भीतर ही माना जा रहा है। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र का रुझान चांदी की खरीदी को लेकर बना हुआ है। यह आगे बढ़ सकता है क्योंकि फसल, न केवल तैयार हो चुकी है बल्कि मंडियों में पहुंचने भी लगी है। ऐसे में नगद का प्रवाह बढ़ चला है। असर चांदी की खरीदी के रूप में देखा जा रहा है।

 

प्रतीक्षा निवेशकों की

 

पीली और सफेद धातु में जैसी मजबूती देखी जा रही है, उसे देखकर निवेशकों की प्रतीक्षा कर रहा है सराफा बाजार। यह इसलिए क्योंकि भविष्य तेजी का ही संकेत दे रहा है। इधर बेहद छोटी मात्रा में निवेश के लिए खरीदी चालू हो चली है, तो पहली बार ग्रामीण क्षेत्र का रुझान भी बन रहा है। सराफा बाजार इसे नए बदलाव के रूप में देख रहा है।