Sunday, May 31, 2026
Home Breaking प्रेमी जोड़े की लाश पेड़ पर लटकी मिलने से इलाके में सनसनी,...

प्रेमी जोड़े की लाश पेड़ पर लटकी मिलने से इलाके में सनसनी, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी

177

The Duniyadari: मनेंद्रगढ़- मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के ग्राम बालागांव के जंगल में युवक एवं युवती का शव एक ही फंदे पर फांसी में झूलता मिला। दोनों गुरुवार की रात से लापता था। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों अलग-अलग जाति के थे, संभवतः इस कारण परिजन उनकी शादी को लेकर तैयार नहीं थे।

मामला मनेंद्रगढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत सरईटोला के घुटरा निवासी अमर सिंह (24 वर्ष) का प्रेम संबंध गांव के ही दूसरे मोहल्ले में रहने वाली चंपा बाई अगरिया (20 वर्ष) के साथ कुछ वर्षों से था।

दोनों गुरुवार रात से अपने-अपने घर से लापता थेे। परिजन उनकी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन दोनों का पता नहीं चल रहा था। इसके कारण परिजन दोनों के साथ भाग जाने की आशंका भी व्यक्त कर रहे थे। रविवार सुबह बालागांव के ग्रामीण जंगल की ओर गए थे।

जहां घाघी नदी के किनारे एक पेड़ में युवक एवं युवती का शव फांसी में झूलता देखा। शव से बदबू भी आने लगी थी। इसकी सूचना मनेंद्रगढ़ पुलिस को दी गई। घटना की सूचना पर मनेंद्रगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। युवक एवं युवती का शव एक ही फंदे पर झूलता मिला।

उनकी शिनाख्त अमर सिंह एवं चंपा अगरिया के रूप में ग्रामीणों ने की। परिस्थिति जन्य साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने कहा कि दोनों ने साथ में फांसी लगा आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।

दोनों के बीच प्रेम संबंध की जानकारी ग्रामीणों को भी थी। माना जा रहा है कि दोनों की जाति अलग होने के कारण परिवारजन शादी को तैयार नहीं हुए, इसलिए दोनों ने साथ मरने का फैसला लिया। मृतक अमर सिंह के पिता प्रेम सिंह एवं एक बहन ने भी पूर्व में फांसी लगा आत्महत्या कर ली थी। घटना को लेकर अमर सिंह के परिजन सदमें में हैं।