Tuesday, July 14, 2026
Home Breaking बड़ा सड़क हादसा: जंगल के पास तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलटी,...

बड़ा सड़क हादसा: जंगल के पास तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलटी, 90 यात्री सवार थे

250

The Duniyadari: जगदलपुर– छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में आज एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर स्थित घोड़ा गांव के जंगल के पास तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे के वक्त बस में करीब 90 यात्री सवार थे, जो जगदलपुर से रायपुर जा रहे थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस महिंद्रा ट्रेवल्स की थी और ओवरटेक करने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया। इससे बस सड़क से फिसलकर पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

गनीमत यह रही कि कोई जानमाल की बड़ी हानि नहीं हुई। एक यात्री की पीठ में फ्रैक्चर आया है, जबकि कुछ अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा और सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दुर्घटना चालक की लापरवाही के कारण हुई या बस में कोई तकनीकी खराबी थी।