कोरबा में छठ पूजा की तैयारियां तेज, महापौर ने डेंगूरनाला घाट का किया निरीक्षण

17

The Duniyadari : कोरबा। पूर्वांचल समाज के सबसे बड़े पर्व छठ पूजा की तैयारियां पूरे जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं। इसी कड़ी में कोरबा नगर निगम भी सक्रिय रूप से तैयारियों में जुट गया है। बुधवार को महापौर संजू देवी राजपूत ने डेंगूरनाला स्थित छठ घाट का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और महिला श्रद्धालुओं के लिए चेंजिंग रूम जैसी सुविधाएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए निगम स्तर पर सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।

महापौर ने जानकारी दी कि नगर निगम क्षेत्र के 23 छठ घाटों पर तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि छठ पूजा आस्था और विश्वास का पर्व है, जिसे हर वर्ष बड़ी श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा निगम की प्राथमिकता है।

इस दौरान वार्ड पार्षद चंद्रलोक सिंह, सफाई अधिकारी संजय तिवारी, भूषण उरांव सहित निगम के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। निगम टीमें सभी घाटों का निरीक्षण कर सफाई व अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रही हैं ताकि सूर्य उपासना का यह पर्व श्रद्धा और शांति के साथ संपन्न हो सके।