The Duniyadari : खैरागढ़। सोशल मीडिया पर दिखने वाली एक मामूली ऑनलाइन ठगी ने पुलिस को 50 करोड़ रुपए के बड़े साइबर फर्जीवाड़े तक पहुंचा दिया। यह खुलासा तब हुआ, जब खैरागढ़ संगीत विश्वविद्यालय की छात्रा वसुधा सिन्हा ने इंस्टाग्राम पर साड़ी खरीदने के नाम पर ₹64,000 की ठगी की शिकायत दर्ज कराई।
शुरुआत में मामला एक साधारण ऑनलाइन स्कैम जैसा दिखा, लेकिन खैरागढ़ साइबर सेल ने जब तकनीकी जांच शुरू की तो पूरी कहानी पलट गई। जांच में सामने आया कि ठगी के पीछे मुंबई के डोम्बिवली और कल्याण क्षेत्र में सक्रिय एक संगठित गिरोह काम कर रहा था। यह गैंग इंस्टाग्राम पर फर्जी साड़ी सेल पेज बनाकर देशभर में लोगों को शिकार बना रहा था।
पुलिस की गहन जांच से यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी “100 बुक” नामक एक ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग ऐप के जरिये भी बड़े पैमाने पर धन शोधन कर रहे थे। उनके पास 100 से अधिक फर्जी बैंक खाते और सिम कार्ड थे, जिनके जरिये करीब ₹50 करोड़ का अवैध ट्रांजेक्शन किया गया था।
खैरागढ़ पुलिस की टीम ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए सात दिन तक मुंबई में गुप्त अभियान चलाया। टीम ने खुद को डिलीवरी ब्वॉय बनाकर इलाके में रेकी की और सही समय पर डोम्बिवली के दो फ्लैटों पर एक साथ छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया और कई मोबाइल, लैपटॉप, सिम कार्ड तथा बैंक पासबुक जब्त किए।
खैरागढ़ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह गिरोह देश के विभिन्न हिस्सों में फैला हुआ है और जांच आगे बढ़ने पर और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।




























