छठ पूजा 2025 : आस्था का महापर्व आज, अस्ताचलगामी सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य

11

The Duniyadari : वाराणसी। देशभर में आज आस्था और श्रद्धा का महापर्व छठ पूजा पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है। आज शाम को व्रतधारी महिलाएं और श्रद्धालु अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य देंगे। घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में महिलाएं परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु के लिए निर्जला व्रत रखती हैं।

घाटों पर सजे भक्ति और स्वच्छता के रंग

नगर निगम और प्रशासन की ओर से सभी प्रमुख छठ घाटों की सफाई, सजावट और प्रकाश व्यवस्था की गई है। जगह-जगह सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। स्थानीय कलाकारों द्वारा घाटों पर भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया जा रहा है।

कल सुबह होगा उगते सूर्य को अर्घ्य

आज शाम अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद कल सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ महापर्व का समापन किया जाएगा। इसके बाद व्रतधारी प्रसाद ग्रहण कर अन्न जल ग्रहण करेंगे।

देशभर में उमंग का माहौल

बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ सहित देश के कई हिस्सों में छठ पूजा की छटा देखते ही बन रही है। दिल्ली, मुंबई, रायपुर और अन्य शहरों में भी प्रवासी बिहारियों ने घाटों और तालाबों के किनारे पूजा की विशेष तैयारी की है।

प्रधानमंत्री और कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने देशवासियों को छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व सूर्य देव और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है और समाज में एकता और सद्भाव का संदेश देता है।