Friday, August 28, 2026
Home कोरबा कोरबा : राज्योत्सव में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, तीन अधिकारी निलंबित

कोरबा : राज्योत्सव में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, तीन अधिकारी निलंबित

182

The Duniyadari: कोरबा में राज्य स्थापना के रजत जयंती समारोह के दौरान हुई गंभीर चूक पर नगर निगम प्रशासन सख्त हो गया है। बुधवार को नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने कार्रवाई करते हुए दो उप अभियंताओं — अश्वनी दास, अभय मिंज — और स्वच्छता निरीक्षक सचीन्द्र थवाईत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

यह कदम तब उठाया गया जब समारोह के लिए तैयार किए गए सम्माननीय जनप्रतिनिधियों के कटआउट परिवहन के दौरान लापरवाही सामने आई। इससे कार्यक्रम की गरिमा पर सवाल खड़े हुए।

आयुक्त ने दिखाई सख्ती

आयुक्त पाण्डेय ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में जनप्रतिनिधियों के सम्मान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि आगे भी यदि ऐसी गलती दोहराई गई, तो कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

कार्यक्रम की पृष्ठभूमि

2 से 4 नवंबर तक घंटाघर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन थिएटर में राज्योत्सव का आयोजन हुआ था। आयोजन की जिम्मेदारी नगर निगम के पास थी, जिसके तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत के कटआउट लगाए जाने थे।

परंतु इन्हीं कटआउट को काऊकेचर के दौरान गलत तरीके से ढोए जाने का वीडियो सामने आया, जिसके बाद निगम प्रशासन ने कार्रवाई को अंजाम दिया।