ACB की बड़ी कार्रवाई : 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते RES विभाग का उप अभियंता गिरफ्तार

42

The Duniyadari : सूरजपुर। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की मुहिम लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में बुधवार को सूरजपुर जिले के ग्रामीण अभियांत्रिकी सेवा (RES) विभाग में पदस्थ उप अभियंता ऋषिकांत तिवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया गया। अधिकारी ने तालाब निर्माण कार्य की रिपोर्ट तैयार करने के एवज में 15 हजार रुपये की मांग की थी।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रेमनगर जनपद पंचायत के नवापारा खुर्द निवासी विशंभर सिंह ने मत्स्य विभाग के तहत तालाब निर्माण कराया था। कार्य का मूल्यांकन कराने के दौरान उप अभियंता ने अवैध रूप से रिश्वत मांगी। परेशान होकर शिकायतकर्ता ने एसीबी से संपर्क किया।

शिकायत के बाद एसीबी टीम ने योजना बनाकर बुधवार को ट्रैप कार्रवाई की। जैसे ही आरोपी अधिकारी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि ली, टीम ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई प्रार्थी के निवास स्थान पर हुई, जहां अभियंता आधिकारिक कार्य का बहाना बनाकर पहुंचे थे।

एसीबी की इस कार्रवाई से स्थानीय प्रशासन और विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। वहीं, क्षेत्रवासियों ने इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम बताते हुए ब्यूरो की कार्रवाई की सराहना की है।

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। जिला प्रशासन ने भी इस कार्रवाई की पुष्टि की है और सभी अधिकारियों को पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

एसीबी अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि यदि किसी सरकारी कर्मचारी या अधिकारी द्वारा रिश्वत की मांग की जाए, तो तुरंत इसकी शिकायत करें। इस ताजा कार्रवाई ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार और एसीबी की नीति “ज़ीरो टॉलरेंस” पर आधारित है।