The Duniyadari : रायपुर। राजधानी में शुरू हुए DGP–IG सम्मेलन के पहले दिन देशभर की पुलिस और खुफिया एजेंसियों के शीर्ष अधिकारी एक मंच पर जुटे। आंतरिक सुरक्षा से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहुंचे और अधिकारियों के साथ बदलते दौर की चुनौतियों, कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल सहित कई मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
पहले सत्र में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने देश के श्रेष्ठ थानों को सम्मानित किया। 70 से अधिक मानकों के आधार पर किए गए मूल्यांकन में दिल्ली के गाजीपुर थाना को इस वर्ष का सर्वश्रेष्ठ पुलिस स्टेशन चुना गया। अंडमान-निकोबार का पहरगांव थाना दूसरे स्थान पर और कर्नाटक के रायचूर जिले का कवितला थाना तीसरे स्थान पर रहा। इन थानों को अपराध नियंत्रण, पारदर्शिता और जनता के प्रति बेहतर सेवा के लिए सराहना मिली।
सम्मेलन के मंच पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, रॉ प्रमुख पराग जैन, और आईबी चीफ तपन डेका सहित देश की सुरक्षा संरचना के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने खुफिया क्षमता को और सुदृढ़ करने तथा भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए नई रणनीतियों पर अपने सुझाव रखे।
आगे के सत्रों में साइबर अपराध, नक्सल विरोधी अभियान, ड्रग तस्करी, सीमा सुरक्षा और महानगरीय अपराधों से निपटने के उन्नत मॉडल पर गहन चर्चा होने की उम्मीद है। रायपुर में चल रहा यह सम्मेलन आने वाले समय की सुरक्षा नीति के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
































