The Duniyadari :रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में लंबे समय तक अपनी मजबूत पहचान बनाने वाले वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं आरडीए के पूर्व अध्यक्ष सुभाष धुप्पड़ का मंगलवार को मुंबई में निधन हो गया। 75 वर्षीय धुप्पड़ पिछले कई महीनों से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे और वहीं एक निजी अस्पताल में उपचाररत थे।
परिजनों के अनुसार, उनका पार्थिव शरीर मंगलवार दोपहर रायपुर लाया जाएगा। यहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
5 दशक से अधिक का सक्रिय राजनीतिक सफर
सुभाष धुप्पड़ ने करीब पचास वर्षों तक कांग्रेस संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियों के साथ सक्रिय भूमिका निभाई। भूपेश बघेल की सरकार के दौरान उन्हें रायपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। वे दुर्गा कॉलेज के पूर्व प्राध्यापक श्रीराम धुप्पड़ के भाई थे और दोनों ही शिक्षा व सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे।
कांग्रेस में शोक, नेताओं ने जताया दुख
धुप्पड़ के निधन की खबर फैलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं में गहरा शोक व्याप्त हो गया। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि सुभाष धुप्पड़ का कहना बेहद दुखद है। उन्होंने लिखा कि धुप्पड़ न सिर्फ एक समर्पित राजनेता थे बल्कि उनके व्यक्तिगत मित्र और महत्वपूर्ण सहयोगी भी थे।
महंत ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि धुप्पड़ के जाने से संगठन को अपूरणीय क्षति हुई है और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।
































