The Duniyadari : रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर गांधी और राम के नाम पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। वीबी–जी राम जी बिल के विरोध में कांग्रेस द्वारा आज़ाद चौक स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष किए जा रहे प्रदर्शन को लेकर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि गांधी प्रतिमा के सामने इस तरह का आंदोलन करना कांग्रेस की मानसिक दिवालियापन को दर्शाता है।
विधायक मिश्रा ने कहा कि महात्मा गांधी के विचारों और उनके जीवन मूल्यों को कांग्रेस ने भुला दिया है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि गांधी जी ने अपने अंतिम क्षणों में ‘हे राम’ कहा था और भाजपा उन्हीं सिद्धांतों के अनुरूप काम कर रही है। कांग्रेस नेतृत्व पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेता भारतीय संस्कृति और परंपराओं की समझ नहीं रखते, इसलिए इस तरह के कृत्य सामने आ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस का राजनीतिक अस्तित्व अब अंतिम दौर में है।
वहीं, केरल में हुई मॉब लिंचिंग की घटना पर विधायक मिश्रा ने कहा कि राज्य सरकार इस मामले को लेकर लगातार संपर्क में है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इसके अलावा स्कूलों में क्रिसमस से जुड़े कार्यक्रमों को लेकर हुए विवाद पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। बजरंग दल की चेतावनी और कांग्रेस नेता टीएस सिंह देव के बयान पर टिप्पणी करते हुए विधायक मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस जानबूझकर समाज में तनाव पैदा करने का प्रयास करती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत विविधता और सर्वधर्म समभाव की भावना पर आधारित देश है।
विधायक ने सभी संगठनों और नागरिकों से अपील की कि त्योहारों के दौरान शांति और भाईचारे का माहौल बनाए रखें। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कोई भी कदम नहीं उठाया जाना चाहिए। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और अफवाहों के जरिए माहौल बिगाड़ने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। कानून हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं है।
































