The Duniyadari : मरवाही जिले में पुलिस की मानवीय पहल का एक सराहनीय उदाहरण देखने को मिला, जहां थाने का परिसर ही एक प्रेम कहानी के सुखद अंजाम का गवाह बन गया। मरवाही थाना प्रभारी शनिप रात्रे की पहल पर प्रेमी जोड़े का विवाह थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में पूरे विधि-विधान के साथ कराया गया।
मामला मरवाही क्षेत्र के धूम्माटोला बहरीझोरकी निवासी संजय सिंह और मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले की रहने वाली मीरा सिंह से जुड़ा है। दोनों एक-दूसरे से लंबे समय से प्रेम करते थे और विवाह करना चाहते थे, लेकिन सामाजिक दबाव और पारिवारिक असहमति उनके रास्ते में बाधा बनी हुई थी।
परिजनों की सहमति न मिलने पर दोनों ने अपनी सुरक्षा और भविष्य को लेकर मरवाही थाने का रुख किया। थाना प्रभारी ने पूरे मामले की जांच की, जिसमें यह स्पष्ट हुआ कि संजय और मीरा दोनों बालिग हैं और कानूनन अपने जीवन से जुड़े फैसले लेने के लिए स्वतंत्र हैं।
इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के परिजनों को थाने बुलाकर काउंसलिंग की। उन्हें कानूनी प्रावधानों, बच्चों की सहमति और सामाजिक जिम्मेदारियों के बारे में समझाया गया। समझाइश का असर यह हुआ कि परिजन अंततः विवाह के लिए तैयार हो गए।
सहमति मिलते ही थाना परिसर में स्थित शिव मंदिर में शादी की रस्में निभाई गईं। इस मौके पर थाना प्रभारी शनिप रात्रे स्वयं गवाह बने। पुलिस की इस सकारात्मक भूमिका की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की है। यह पहल न सिर्फ एक प्रेमी जोड़े के लिए नई शुरुआत बनी, बल्कि समाज को कानून और संवेदनशीलता का मजबूत संदेश भी दे गई।


























