The Duniyadari :कोरबा | 15 जनवरी 2026 जिला पंचायत कोरबा के लेखा अधिकारी रहे सुबीर भट्टाचार्य के पदोन्नति एवं स्थानांतरण के अवसर पर गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सीईओ दिनेश कुमार नाग ने अपने संबोधन में कहा कि सुबीर भट्टाचार्य लंबे समय तक जिला पंचायत के प्रशासनिक ढांचे का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं। लेखा संबंधी कार्यों में उनकी दक्षता, अनुशासन और अनुभव से कार्यालय को निरंतर लाभ मिला। उन्होंने वरिष्ठ लेखाधिकारी के पद पर पदोन्नति तथा रायपुर स्थानांतरण के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्री भट्टाचार्य के साथ कार्यकाल के अनुभव साझा किए। सभी ने उनके सहज व्यवहार, कार्य के प्रति समर्पण और सहयोगी स्वभाव की सराहना की।
विदाई समारोह में अपने विचार व्यक्त करते हुए सुबीर भट्टाचार्य ने कहा कि कोरबा में बिताया गया कार्यकाल उनके लिए हमेशा स्मरणीय रहेगा। उन्होंने जिला पंचायत तथा जनपद पंचायतों के अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां से वे अनेक मधुर यादें अपने साथ लेकर जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने सभी को ईमानदारी और निष्ठा के साथ दायित्व निर्वहन का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी एवं विभिन्न जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उपस्थित रहे।
































