राजधानी में पुलिस का बड़ा एक्शन, बदमाशों और नशेड़ियों पर कसा शिकंजा

13

The Duniyadari : रायपुर। राजधानी में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़े पैमाने पर विशेष कार्रवाई की है। सेंट्रल ज़ोन में डीसीपी उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन में 28 जनवरी की शाम से विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग और कॉम्बिंग अभियान चलाया गया।

इस विशेष अभियान का संचालन अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल द्वारा किया गया। पुलिस टीमों ने गंज और कोतवाली थाना क्षेत्रों में उन स्थानों को चिन्हित कर कार्रवाई की, जहां अड्डेबाजी, नशाखोरी और संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। शराब दुकानों के आसपास, सुनसान गलियों, खाली मैदानों और भीड़भाड़ से दूर इलाकों में अचानक दबिश दी गई।

लंबे समय से फरार आरोपी दबोचे गए

अभियान के दौरान पुलिस ने दो ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार किया, जो आर्म्स एक्ट के मामलों में लंबे समय से फरार थे। दोनों के खिलाफ पूर्व में भी गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के लिए प्रस्तुत किया जा रहा है।

नशे और अड्डेबाजी पर सीधी कार्रवाई

चुना भट्टी, अंडरब्रिज और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस ने नशा करने वालों और असामाजिक तत्वों के ठिकानों पर रेड की। कई बदमाशों को मौके पर ही चेतावनी दी गई और दोबारा ऐसी गतिविधियों में शामिल होने पर सख्त कार्रवाई की बात कही गई।

रात्रि गश्त में हथियार बरामद

28–29 जनवरी की रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र में विशेष रात्रि गश्त के दौरान संदिग्ध रूप से घूम रहे 23 लोगों को पकड़ा गया। तलाशी में इनके पास से चाकू और तलवार जैसे हथियार बरामद किए गए। सभी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में शांति बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। आम नागरिकों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त रवैया अपनाया जाएगा।