कोरबा में मतदाता सूची से नाम हटाने के फर्जी आवेदन का मामला गरमाया, 1566 मतदाताओं के विलोपन की सूची वायरल

20

The Duniyadari : कोरबा। कोरबा विधानसभा क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों से जुड़े एक गंभीर मामले ने प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। सोशल मीडिया पर मतदाता सूची से 1566 लोगों के नाम हटाने से जुड़ी एक सूची और कथित आवेदन सामने आने के बाद पूरे प्रकरण ने तूल पकड़ लिया है।

जानकारी के अनुसार, समुदाय विशेष के मतदाताओं के नाम विलोपित कराने के लिए कथित तौर पर फर्जी आवेदन भरकर जमा किए गए हैं। इन आवेदनों में भाजपा से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं के नाम और हस्ताक्षर का कथित दुरुपयोग किया गया है। मामला सामने आने के बाद जहां मतदान केंद्र स्तर पर कार्यरत बीएलओ असमंजस और दबाव की स्थिति में हैं, वहीं प्रभावित मतदाताओं में चिंता और आक्रोश देखा जा रहा है।

जिन व्यक्तियों के नाम से आवेदन दिए जाने की बात सामने आई है, उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम से खुद को अलग बताते हुए कोतवाली थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उनके नाम और हस्ताक्षर का बिना जानकारी के इस्तेमाल कर मतदाता सूची से नाम हटाने की मांग की गई, जो पूरी तरह फर्जी है।

वरिष्ठ भाजपा नेता भागेन्द्र सोनी, शंकर तिवारी, शत्रुघ्न सिंह, राजेश कुमार विश्वकर्मा और मो. यासिन ने अपनी शिकायत में स्पष्ट किया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति या समूह ने उनके नाम का दुरुपयोग करते हुए निर्वाचन विभाग में आवेदन प्रस्तुत किया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है और पूरे प्रकरण की जांच की मांग तेज हो गई है।