CGPSC 2018 की टॉपर अधिकारी अनिता सोनी का असामयिक निधन, प्रदेश में शोक की लहर

30

The Duniyadari: रायपुर, 03 फरवरी। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा परीक्षा 2018 में टॉप करने वाली राज्य वित्त सेवा की अधिकारी सुश्री अनिता सोनी के आकस्मिक निधन से पूरे छत्तीसगढ़ में गहरा शोक व्याप्त है। अपनी प्रतिभा, मेहनत और ईमानदारी के बल पर प्रशासनिक सेवा में अलग पहचान बनाने वाली अनिता सोनी का यूं अचानक चले जाना न सिर्फ उनके परिवार के लिए, बल्कि प्रशासनिक जगत और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भी अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार अनिता सोनी वर्तमान में अध्ययन अवकाश पर थीं और हरियाणा के फरीदाबाद में उच्च अध्ययन कर रही थीं। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। जांच में उन्हें पीलिया होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद इलाज के लिए उन्हें फरीदाबाद स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उनकी स्थिति लगातार गंभीर होती चली गई और उन्हें आईसीयू में रखा गया। करीब 50 दिनों तक चले उपचार के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका और अंततः मल्टी ऑर्गन फेल्योर के कारण शनिवार देर रात लगभग दो बजे उनका निधन हो गया।

अनिता सोनी के निधन की खबर फैलते ही सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई। प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और आम नागरिक बड़ी संख्या में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। लोग उनके संघर्षपूर्ण सफर, सादगीपूर्ण व्यक्तित्व और सफलता की प्रेरक कहानी को याद करते हुए इसे छत्तीसगढ़ के लिए एक बड़ी क्षति बता रहे हैं।