कैबिनेट बैठक में सीएम साय का फोकस: युवाओं को हुनरमंद बनाकर बढ़ाए जाएंगे रोजगार के अवसर

21

The Duniyadari: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अगुवाई में मंत्रालय के महानदी भवन में कैबिनेट बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए कौशल विकास कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाया जाए।

कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं प्रशिक्षण विभाग की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में आने वाले समय में नए उद्योग स्थापित होने जा रहे हैं। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, लेकिन इसके लिए जरूरी है कि युवा उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षित हों।

रोजगार मेलों और आईटीआई के उन्नयन पर जोर

मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में नियमित रूप से रोजगार मेले आयोजित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि तकनीकी रूप से दक्ष युवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

सीएसएसडीए और लाइवलीहुड कॉलेज सोसायटी के विलय को हरी झंडी

बैठक में सीएसएसडीए और राज्य परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज सोसायटी के एकीकरण के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस निर्णय पर जल्द अमल करने के निर्देश दिए।

अब तक लाखों युवाओं को मिला प्रशिक्षण और रोजगार

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत वर्ष 2013 से अब तक करीब 4.90 लाख युवाओं को विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ा गया है। इनमें से लगभग 2.71 लाख युवाओं को रोजगार प्राप्त हो चुका है।

मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित

इस अहम बैठक में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, मुख्य सचिव विकासशील सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।