The Duniyadari: रायपुर, 6 फरवरी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 7 से 9 फरवरी तक तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे राज्य की आंतरिक सुरक्षा, वामपंथी उग्रवाद की स्थिति, विकास कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ एक प्रमुख सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। उनके दौरे को राज्य में सुरक्षा और विकास की दृष्टि से अहम माना जा जा रहा है।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक अमित शाह 7 फरवरी की शाम करीब 7 बजे रायपुर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वे सीधे अपने प्रवास स्थल जाएंगे। इसके बाद रात करीब 8 बजे वे राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। बैठक में प्रदेश की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा चुनौतियों और केंद्र-राज्य समन्वय से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
8 फरवरी को गृह मंत्री वामपंथी उग्रवाद पर केंद्रित एक अहम समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में केंद्र सरकार और राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस महानिदेशक तथा CRPF, BSF, ITBP सहित अन्य केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। बैठक में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे अभियानों, सुरक्षा रणनीति, खुफिया इनपुट और विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही नक्सलवाद से निपटने के लिए आगे की कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श होगा।
दौरे के दौरान गृह मंत्री राज्य सरकार के साथ केंद्र प्रायोजित योजनाओं और बुनियादी विकास परियोजनाओं पर भी चर्चा कर सकते हैं। विशेष रूप से बस्तर सहित नक्सल प्रभावित इलाकों में सड़क, संचार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर रहने की संभावना है।
9 फरवरी को अमित शाह बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर पहुंचेंगे, जहां वे बस्तर पंडूम महोत्सव के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह महोत्सव बस्तर की जनजातीय संस्कृति और लोक परंपराओं को समर्पित है। कार्यक्रम के बाद वे जगदलपुर से ही दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
































