The Duniyadari: पटना। पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को पटना पुलिस ने शुक्रवार देर रात उनके मंदिरी स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी 1995 के एक पुराने धोखाधड़ी और धमकी से जुड़े मामले में हुई, जिसमें अदालत पहले ही वारंट जारी कर चुकी थी। देर रात हुई इस कार्रवाई के दौरान उनके घर के बाहर काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
पुलिस टीम रात करीब 9:45 बजे आवास पहुंची थी। वारंट को लेकर समर्थकों और पुलिस के बीच बहस होती रही, जिसके बाद अधिकारियों ने अदालत का आदेश दिखाया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए सांसद को हिरासत में ले लिया। इस दौरान पप्पू यादव ने तबीयत खराब होने की शिकायत की, जिस पर पुलिस उन्हें मेडिकल जांच के लिए आईजीआईएमएस ले गई।
गिरफ्तारी के बाद समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। कुछ लोग पुलिस वाहन के सामने सड़क पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से स्थिति को काबू में किया गया और सांसद को कड़ी सुरक्षा में अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस के अनुसार मामला गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में दर्ज एक पुराने प्रकरण से जुड़ा है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उनका मकान कथित तौर पर धोखे से किराये पर लेकर उसका इस्तेमाल कार्यालय के रूप में किया गया। इस केस में लंबे समय से अदालती सुनवाई चल रही थी। हाल ही में एमपी-एमएलए कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।
गिरफ्तारी से पहले सांसद ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताया और कहा कि वे अदालत की प्रक्रिया का सम्मान करने के लिए दिल्ली से पटना आए हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है।
































