The Duniyadari: कोरबा, 07 फरवरी (वेदांत समाचार)। जिले में अवैध कबाड़ कारोबार से जुड़े चर्चित मामले में फरार चल रहा मुख्य आरोपी मुकेश साहू उर्फ बरबट्टी ने आखिरकार कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी पुलिस ने उस पर इनाम भी घोषित कर रखा था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुकेश एक संगठित गिरोह से जुड़ा था, जो शहर और आसपास के इलाकों से लोहे का कबाड़, रेल से जुड़ी सामग्री और पुलों के लोहे के हिस्सों समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर अवैध रूप से बेच रहा था। चोरी का माल ठिकाने लगाने में उसकी भूमिका अहम बताई जा रही है।
इस मामले में पुलिस पहले ही गिरोह के कई सदस्यों को गिरफ्तार कर चुकी है और उनके पास से बड़ी मात्रा में चोरी का कबाड़ बरामद किया गया है। पूछताछ के दौरान ही मुकेश का नाम मुख्य आरोपी के तौर पर सामने आया था, जिसके बाद से वह फरार था। उसे पकड़ने के लिए पुलिस ने कई जगह दबिश भी दी थी।
कोर्ट में सरेंडर के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। अधिकारियों को उम्मीद है कि आगे की पूछताछ में अवैध कबाड़ कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आ सकते हैं, जिससे पूरे नेटवर्क का खुलासा होगा।
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले से वारंट जारी था। आत्मसमर्पण के बाद उसे गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि मुकेश के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और फिलहाल वह पुल चोरी प्रकरण में मुख्य आरोपी है, जिसमें आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
































