भूपेश बघेल का बड़ा दावा: भाजपा में शामिल होने का मिला था प्रस्ताव, इनकार के बाद छापों का आरोप

11

The Duniyadari: नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक पॉडकास्ट बातचीत में दावा किया है कि उन्हें भाजपा में शामिल होने का प्रस्ताव मिला था और सहमति न देने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई। उन्होंने यह बातें राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल के पॉडकास्ट कार्यक्रम में कही।

बघेल ने बताया कि उनकी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकातें हुई थीं। उनके अनुसार, इन बैठकों के बाद कुछ ही समय में उनके ठिकानों पर छापेमारी की घटनाएं सामने आती थीं, जिससे उन्हें इन मुलाकातों के उद्देश्य पर संदेह हुआ।

पूर्व मुख्यमंत्री का कहना है कि बातचीत के दौरान उनसे उनके खिलाफ चल रहे मामलों और प्रशासनिक अधिकारियों को लेकर चर्चा होती थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे विपक्ष की भूमिका में रहते हुए सरकार की आलोचना करना अपना राजनीतिक दायित्व मानते हैं और उसी पर कायम रहे।

बघेल ने आरोप लगाया कि हर मुलाकात के कुछ दिनों बाद फिर कार्रवाई होती थी। उन्होंने यह भी कहा कि बाद में उन्हें महसूस हुआ कि अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा में शामिल होने का संकेत दिया जा रहा था, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिबद्धता नहीं जताई।