The Duniyadari: रायगढ़। खरसिया के बानीपाथर स्थित मंगल कार्बन प्लांट में हुए भीषण विस्फोट के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। इलाज के दौरान 9 माह की मासूम बच्ची समेत तीन अन्य लोगों ने दम तोड़ दिया। एक ही परिवार के पिता, पुत्र और मासूम की मौत से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने शव रखकर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर हालात संभालने की कोशिश की जा रही है।
परिजनों का आरोप है कि घोषित मुआवजा पर्याप्त नहीं है। कंपनी प्रबंधन ने प्रत्येक मृतक के लिए 12-12 लाख रुपये देने की घोषणा की है, जबकि परिवारों की मांग है कि कम से कम 50 लाख रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी और पुनर्वास पैकेज दिया जाए। साथ ही प्लांट प्रबंधन पर FIR वापस लेने के लिए दबाव बनाने का भी आरोप लगाया गया है।
बताया जा रहा है कि 5 फरवरी को प्लांट में काम के दौरान फर्नेस खोलते समय तेज आग और दबाव बाहर निकला, जिसकी चपेट में कई मजदूर आ गए। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे, जिनका इलाज रायपुर में जारी है और उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
मामले में FIR दर्ज कर ली गई है। पीड़ित परिवार उच्चस्तरीय जांच, घायलों के इलाज का पूरा खर्च और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। रायगढ़ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और परिवारों की मांगों पर चर्चा की जा रही है।






























