The Duniyadari: बलरामपुर जिला के कुसमी इलाके में अवैध बॉक्साइट खनन की जांच के दौरान हुई कथित मारपीट ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। मामले में पुलिस ने प्रशासनिक अधिकारी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार कुसमी थाना क्षेत्र के हंसपुर ग्राम पंचायत में अवैध खनन की शिकायत पर प्रशासनिक टीम जांच के लिए पहुंची थी। टीम में एसडीएम करुण कुमार डहरिया और नायब तहसीलदार पारस शर्मा सहित अन्य लोग शामिल बताए जा रहे हैं। इसी दौरान खेत से लौट रहे तीन ग्रामीणों को रोककर पूछताछ की गई, जो बाद में विवाद में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर ग्रामीणों के साथ कथित रूप से मारपीट हुई, जिसमें 60 वर्षीय राम नरेश राम गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना में दो अन्य ग्रामीण भी घायल हुए हैं और उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने इस मामले में एसडीएम करुण कुमार डहरिया के अलावा विक्की सिंह उर्फ अजय प्रताप सिंह, मंजीत कुमार यादव और सुदीप यादव को हिरासत में लेकर हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया और मृतक परिवार के लिए मुआवजे व कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रशासन ने तत्काल राहत के तौर पर एक लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।
































