किराना दुकानों में खुलेआम बिक रही शराब! नाबालिगों से बिक्री का आरोप, प्रशासन पर उठे सवाल

9

The Duniyadari: जगदलपुर। बस्तर जिले के चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री का मुद्दा फिर से गरमा गया है। क्षेत्र के अलग-अलग ब्लॉकों से लगातार ऐसी तस्वीरें सामने आ रही हैं, जिनमें किराना दुकानों और ढाबों में खुलेआम शराब बेचे जाने के आरोप लग रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, लौंहडीगुड़ा, बस्तानार और तोकापाल ब्लॉक के कई इलाकों में छोटे दुकानों से शराब की अवैध सप्लाई की जा रही है। आरोप है कि इस पर न तो स्थानीय पुलिस कोई सख्त कदम उठा रही है और न ही आबकारी विभाग की उड़नदस्ता टीम सक्रिय नजर आ रही है।

नाबालिग के हाथों बिक्री का आरोप

ताजा मामला किलेपाल क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां जनपद पंचायत कार्यालय के सामने और बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा के समीप स्थित दो किराना दुकानों में शराब बेचे जाने की बात सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि एक दुकान में नाबालिग लड़की के हाथों शराब बेची जा रही थी। वहीं दूसरी दुकान में एक महिला दुकानदार युवकों को बीयर बेचती दिखी।

बताया जा रहा है कि संबंधित दुकानों में बड़ी मात्रा में शराब का स्टॉक रखा गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से यह अवैध कारोबार चल रहा है, लेकिन कोड़ेनार थाना क्षेत्र में अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

विधायक पहले भी उठा चुके हैं मुद्दा

चित्रकोट के विधायक Vinayak Goyal ने पूर्व में भी अपने विधानसभा क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री का मुद्दा उठाया था। उन्होंने मीडिया के सामने शिकायत करते हुए कहा था कि मौखिक सूचना देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है। इसके बाद भी अलग-अलग स्थानों से अवैध बिक्री के वीडियो सामने आने का सिलसिला जारी है।

अफसर बोले – जांच जारी

मामले में आबकारी अधिकारी रविकांत जायसवाल का कहना है कि सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी गई है। उनका कहना है कि अवैध शराब की बिक्री, चाहे बालिग करे या नाबालिग, कानूनन अपराध है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस मामले में सार्वजनिक रूप से कुछ भी कहने से परहेज किया है।

लगातार सामने आ रहे आरोपों और वीडियो के बीच अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या प्रशासन जल्द सख्ती दिखाएगा या फिर यह अवैध कारोबार यूं ही चलता रहेगा।