The Duniyadari: रायगढ़। जिले के तमनार वन क्षेत्र में एक हाथी के शावक का शव मिलने से वन अमले में हलचल मच गई है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया। शावक के शव को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी।

घटना के बाद विभाग ने आसपास के जंगलों में गश्त बढ़ा दी है। तमनार के साथ-साथ धर्मजयगढ़ क्षेत्र और रायगढ़ वन मंडल में भी हाथियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। हाल के समय में हाथी शावकों की मौत के मामलों में बढ़ोतरी ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार जिले में हाथियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। बीते कुछ वर्षों में शावकों के जन्म के मामले भी बढ़े हैं, जिससे उनकी सुरक्षा और निगरानी वन अमले के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है।
वन अधिकारियों ने बताया कि हाथियों के झुंड की मूवमेंट पर नजर रखने के लिए टीमों को सक्रिय किया गया है। साथ ही आसपास के ग्रामीणों को भी सतर्क रहने और जंगली हाथियों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
































