The Duniyadari: रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से प्रारंभ हो रहा है, जो 20 मार्च तक संचालित होगा। इस दौरान सदन की कुल 15 बैठकें प्रस्तावित हैं। सत्र का आगाज राज्यपाल रमेन डेका के अभिभाषण से होगा।
अभिभाषण के उपरांत कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद वित्त मंत्री ओपी चौधरी वर्ष 2025-26 का आर्थिक सर्वेक्षण सदन के पटल पर रखेंगे। 25 फरवरी को अभिभाषण और धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा तय है।
सत्र के दौरान अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व विधायक दीनदयाल पोर्ते को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
2813 सवालों से घिरेगी सरकार
इस बार विधायकों ने कुल 2813 प्रश्न लगाए हैं, जिनमें 1437 तारांकित और 1378 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। 61 ध्यानाकर्षण सूचनाएं भी प्राप्त हुई हैं। नियम 139 के तहत अविलंबनीय लोक महत्व के एक विषय पर चर्चा की मांग की गई है। साथ ही 13 अशासकीय संकल्प, 9 शून्यकाल सूचनाएं और 112 याचिकाएं सचिवालय को मिली हैं।
24 फरवरी को पेश होगा बजट
वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट 24 फरवरी को दोपहर 12:30 बजे प्रस्तुत किया जाएगा। 26 और 27 फरवरी को सामान्य चर्चा होगी, जबकि 9 से 17 मार्च तक विभागवार अनुदान मांगों पर विचार किया जाएगा। 17 मार्च को विनियोग विधेयक पर चर्चा और 18 मार्च को पारित करने की प्रक्रिया प्रस्तावित है।
यह बजट सत्र राज्य की आर्थिक दिशा और विकास योजनाओं के लिए अहम माना जा रहा है।
































