चंदौली में धान खरीद पर बवाल समय से पहले खरीद बंद होने के आरोप, किसानों संग मंडी पहुंचे पूर्व विधायक

7

The Duniyadari: चंदौली। जिले में धान क्रय व्यवस्था को लेकर विवाद गहरा गया है। किसानों का आरोप है कि तय अवधि पूरी होने से पहले ही खरीद प्रक्रिया रोक दी गई, जिसके कारण उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए बार-बार मंडी और संबंधित दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़े। धान उत्पादन के लिए प्रसिद्ध चंदौली, जिसे “धान का कटोरा” भी कहा जाता है, वहां खरीद ठप होने से किसानों में नाराजगी बढ़ गई है।

ट्रैक्टर काफिले के साथ प्रदर्शन

सैयदराजा से पूर्व सपा विधायक मनोज सिंह डब्लू किसानों के समर्थन में जिला मुख्यालय स्थित नवीन कृषि मंडी पहुंच गए। जानकारी के अनुसार वे स्वयं ट्रैक्टर पर धान लादकर अन्य किसानों के साथ काफिले के रूप में मंडी पहुंचे। इस दौरान मंडी परिसर में मौजूद जिला खाद्य विपणन अधिकारी राघवेंद्र सिंह से तीखी बहस भी हुई। किसानों और सपा कार्यकर्ताओं के दबाव के बीच मौके पर दोबारा खरीद शुरू कराने का दावा किया गया।

बाढ़ और तूफान से पहले ही नुकसान

किसानों का कहना है कि वे कई सप्ताह से उपज बेचने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन खरीद रुकने से आर्थिक दबाव बढ़ गया। जिले में तीन बार आई बाढ़ और मोथा तूफान से पहले ही फसल को नुकसान पहुंच चुका है। ऐसे में शेष धान की बिक्री में रुकावट ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी।

सपा का सरकार पर हमला

सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि किसानों की पूरी उपज नहीं खरीदी गई तो लक्ष्य पूरा होने का दावा कैसे किया जा रहा है। उन्होंने इसे आंकड़ों की हेराफेरी बताया।

वहीं पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि किसानों की उपज खरीदना सरकार की जिम्मेदारी है। निर्धारित समय से पहले खरीद रोकना किसानों के साथ अन्याय है और इस मुद्दे को लेकर वे आगे भी आंदोलन जारी रखेंगे।