The Duniyadari: नई दिल्ली। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के अधिवक्ता पर बुधवार रात राजधानी में जानलेवा हमला किया गया। घटना आईएसबीटी कश्मीरी गेट के समीप करीब 10 बजे हुई, जब बदमाशों ने उनकी कार को निशाना बनाते हुए कई राउंड गोलियां चलाईं। राहत की बात यह रही कि वकील को कोई चोट नहीं पहुंची, लेकिन कार में मौजूद एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। अब तक किसी गिरोह ने इस वारदात की जिम्मेदारी नहीं ली है। प्रारंभिक जांच में इसे आपसी गैंग प्रतिद्वंद्विता से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
उत्तर जिला पुलिस उपायुक्त राजा बंथिया ने बताया कि रात करीब 10:10 बजे फायरिंग की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम को कार पर चार से पांच गोलियों के निशान मिले। घटनास्थल से कारतूस के खोखे बरामद किए गए हैं और फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है।
हमले के कारणों पर अभी स्थिति साफ नहीं है। पुलिस ने एहतियातन इलाके में नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है। शुरुआती जांच में इसे डराने या जान से मारने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
































