बजट सत्र का तीसरा दिन: प्रश्नकाल में मंत्रियों से जवाब-तलब, नशे के कारोबार पर होगी बहस

9

The Duniyadari: रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का तीसरा दिन आज अहम रहने वाला है। कार्यवाही की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी, जिसमें सदस्यों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर सरकार की ओर से जवाब दिया जाएगा। उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री गजेंद्र यादव और मंत्री लखनलाल देवांगन सदन में सवालों का उत्तर देंगे।

सत्र के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम विजय शर्मा, मंत्री केदार कश्यप, श्याम बिहारी जायसवाल और गुरु खुशवंत विभिन्न विभागों से जुड़े दस्तावेज सदन के पटल पर रखेंगे।

आज की कार्यसूची में दो ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी शामिल हैं। पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर और धरमलाल कौशिक प्रदेश में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री के बढ़ते मामलों को लेकर सरकार से जवाब मांगेंगे। वहीं विधायक राघवेंद्र सिंह राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से संबंधित विषय पर सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे।

इसके अलावा मंत्री दयालदास बघेल और विधायक रेणुका सिंह अनुपस्थिति की अनुमति से जुड़ा प्रस्ताव पेश करेंगे। विधायक भावना बोहरा और रोहित साहू याचिकाएं प्रस्तुत करेंगे। राज्यपाल के अभिभाषण पर भी सदन में विस्तार से चर्चा होने की संभावना है, जिससे राजनीतिक माहौल और गर्माने के आसार हैं।