नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने विधानसभा में उठाया एसटीपी का मुद्दा, मंत्री अरुण साव ने जांच का दिया आश्वासन

12

The Duniyadari: रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में मंगलवार को प्रश्नकाल के दौरान सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) को लेकर जोरदार चर्चा हुई। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने सदन में प्रस्तुत आंकड़ों में बदलाव पर सवाल खड़े करते हुए अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की।

महंत ने कहा कि पहले दिए गए जवाब में एसटीपी की संख्या 26 बताई गई थी, जबकि बाद में संशोधित उत्तर में इसे 21 कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह अलग-अलग जानकारी देने से सदन को गुमराह किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने अपने क्षेत्र में एसटीपी परियोजना की स्थिति पर भी असंतोष जताते हुए कहा कि हर बार “प्रक्रियाधीन” बताकर जवाब दिया जाता है।

इस पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने माना कि संशोधित जानकारी बाद में उपलब्ध कराई गई। उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार मिलकर एसटीपी परियोजनाओं पर गंभीरता से काम कर रही हैं। उनके अनुसार 12 नगरीय निकायों में 21 एसटीपी स्वीकृत हैं, जबकि 68 नगरीय निकायों में 96 एसटीपी को मंजूरी दी जा चुकी है।

अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के सवाल पर मंत्री ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और यदि किसी स्तर पर त्रुटि पाई जाती है तो नियमानुसार कदम उठाए जाएंगे। सदन में इस मुद्दे पर कुछ समय तक बहस जारी रही।