Wednesday, April 15, 2026
Home छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से पूर्व कप्तान कपिल देव की मुलाकात, खेल...

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से पूर्व कप्तान कपिल देव की मुलाकात, खेल विकास पर हुई चर्चा

33

The Duniyadari: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज नया रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने शिष्टाचार भेंट की।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कपिल देव का स्वागत करते हुए उन्हें बेल मेटल से निर्मित स्मृति-चिह्न तथा “पुण्यभूमि छत्तीसगढ़” कॉफी टेबल बुक भेंट की।

खेल अधोसंरचना और प्रतिभा संवर्धन पर मंथन

भेंट के दौरान प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने, आधुनिक स्टेडियम और प्रशिक्षण सुविधाओं के विकास, अंतरराष्ट्रीय स्तर के कोचिंग सेंटर स्थापित करने तथा उभरती प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करने जैसे मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार खेल संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए बुनियादी ढांचे के विस्तार और खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दे रही है।

कपिल देव ने की पहल की सराहना

पूर्व कप्तान कपिल देव ने छत्तीसगढ़ में विकास और सुरक्षा के माहौल की प्रशंसा की। उन्होंने विश्वास जताया कि बेहतर अधोसंरचना और प्रोत्साहन मिलने से राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी पहचान बना सकेंगे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।