The Duniyadari: रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूरे होने पर बनी फिल्म ‘शतक : राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के 100 वर्ष’ को राज्य में टैक्स फ्री करने का फैसला लिया है। वाणिज्य कर विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। यह छूट 28 फरवरी 2026 से अगले छह महीने तक लागू रहेगी।

सरकार के अनुसार, फिल्म की विषयवस्तु और सामाजिक संदेश को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है ताकि अधिक से अधिक लोग इसे देख सकें। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि दर्शकों को टिकट खरीदते समय एसजीएसटी के बराबर राशि की छूट दी जाएगी। यानी फिल्म के टिकट सामान्य दर से सस्ते मिलेंगे।

सभी सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्सों को निर्देश दिए गए हैं कि वे टिकट मूल्य से एसजीएसटी घटाकर ही बिक्री करें। साथ ही, फिल्म के लिए तय प्रवेश शुल्क में किसी प्रकार की बढ़ोतरी नहीं की जा सकेगी। पहले संबंधित सिनेमा संचालक एसजीएसटी की राशि जमा करेंगे, जिसके बाद राज्य सरकार उन्हें उक्त राशि की प्रतिपूर्ति करेगी। इस प्रक्रिया से जुड़े विस्तृत दिशा-निर्देश राज्य कर आयुक्त अलग से जारी करेंगे।
मुख्यमंत्री ने जोरा मॉल में देखी फिल्म
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को रायपुर के जोरा मॉल में इस फिल्म का प्रदर्शन देखा। उनके साथ मंत्रिमंडल के सदस्य और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘शतक’ केवल एक सिनेमा नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा और समर्पण की दीर्घ परंपरा का चित्रण है। उन्होंने बताया कि नई पीढ़ी को प्रेरित करने और संघ की यात्रा को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से इसे टैक्स फ्री किया गया है।
सरकार के इस फैसले को फिल्म प्रदर्शकों और दर्शकों के लिए सकारात्मक कदम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि टैक्स छूट से प्रदेश में फिल्म को अच्छा प्रतिसाद मिल सकता है।
































