The Duniyadari: कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र के लक्ष्मण बन तालाब के पास शुक्रवार शाम एक निर्माणाधीन फ्लैट की बाउंड्री वॉल का हिस्सा ढह जाने से तीन लोग घायल हो गए। घायलों में डेढ़ वर्षीय बच्चे की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिसका इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
घटना शाम करीब छह बजे की बताई गई है। निर्माण स्थल पर जेसीबी मशीन से मलबा हटाने का काम चल रहा था। इसी दौरान मशीन की टक्कर से दीवार का एक हिस्सा अचानक गिर पड़ा। दीवार के ऊपर कंटीले तार भी लगे हुए थे, जिससे मलबा और अधिक फैल गया।
हादसे के वक्त आसपास मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए। डेढ़ वर्षीय धनेश कर्ष, 20 वर्षीय संजू कर्ष और 18 वर्षीय विशाल यादव घायल हुए। सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने बच्चे की हालत चिंताजनक बताई है।
दीवार गिरने से एक मोटरसाइकिल और पास खड़ा एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। थाना प्रभारी मोतीलाल पटेल ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी।
घटना के बाद क्षेत्र में नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा उपायों में लापरवाही बरती गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
































