Wednesday, March 11, 2026
Home कोरबा कोरबा में ठेला संचालक को कार ने मारी टक्कर, खुद को भाजपा...

कोरबा में ठेला संचालक को कार ने मारी टक्कर, खुद को भाजपा नेता बताने वाले चालक को पुलिस ने हिरासत में लिया

5

The Duniyadari: कोरबा। शहर के पुराना बस स्टैंड इलाके में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कार चालक ने सड़क किनारे ठेला लगाकर काम कर रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

मिली जानकारी के अनुसार, कार खड़ी करने को लेकर चालक और ठेला लगाने वाले व्यक्ति के बीच पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और इसी दौरान कार चालक ने ठेला संचालक को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार चला रहा व्यक्ति खुद को भाजपा से जुड़ा नेता बता रहा था और पुलिस से भी तीखी बहस करने लगा।

स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर कोतवाली थाना ले गई है। वहीं घायल व्यक्ति की स्थिति के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद काफी देर तक इलाके में लोगों की भीड़ लगी रही और मामले को लेकर चर्चा का माहौल बना रहा।